posted on : नवम्बर 27, 2025 4:30 अपराह्न
कोटद्वार । इंग्लैंड स्थित द देसी ट्रैवलर्स बर्मिंघम की ओर से गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में 50 जरूरतमंद एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वेटर और जूतों का वितरण किया गया। कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों को यह सहायता प्रदान की गई। विद्यालय के प्रार्थना सभा में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाचार्य पद्मेश बुडाकोटी सहित सभी शिक्षकों ने बच्चों को स्वेटर एवं जूते वितरित किए। विद्यालय के शिक्षक संतोष सिंह नेगी ने बताया कि उन्होंने जब स्कूल के बच्चों की सहायता के लिए मदद की तलाश की तब इस स्वेटर जूते कार्यक्रम की पूरी धनराशि इंग्लैंड स्थित टूर एजेंसी द देसी ट्रैवलर्स बर्मिंगम द्वारा प्रदान की गई।
कोटद्वार निवासी अनुवर्ती भट्ट, जो वर्तमान में लंदन में कार्यरत हैं, की पहल पर यह सहायता कार्यक्रम संभव हो सका। उनके प्रयासों से विदेश में स्थित संस्था और कोटद्वार के बीच यह सेतु बना, जिससे स्थानीय बच्चों को लाभ मिला। प्रभारी प्रधानाचार्य पद्मेश बुडाकोटी ने अनुवर्ती भट्ट, द देसी ट्रैवलर्स बर्मिंघम और शिक्षक संतोष सिंह नेगी के सराहनीय प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि ऐसी सहायता से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा की ओर अधिक प्रेरित होते हैं ।कार्यक्रम का संचालन विनोद पंत एवं पूरण चंद धूलिया द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भगवान सिंह नेगी, सुनीता शाह, कुलदीप मेंदोला, जयकृत नेगी, आराधना कुकरेती, मोनिका रावत, संजय रावत, दीपक नौटियाल आदि उपस्थित रहे ।



