कोटद्वार : कौड़िया के तेलीपाड़ा फार्म मार्ग पर रेलवे फाटक के निकट रविवार देर रात एक सिलेंडर से भरे वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में बेस हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों का सौंप दिया। मामले में मृतक के भाई की ओर से वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गई है।
इस मामले में कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि हरि सिंह पुत्र कलुवा सिंह काशीरामपुर मल्ला कौड़िया में किराये के मकान में रहता है। वह क्षेत्र में प्लंबर का कार्य करता है। बीते रविवार रात करीब आठ बजे वह दिल्ली फार्म से काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से लौट रहा था। इस बीच रास्ते में कौड़िया दिल्ली फार्म सड़क पर रेलवे फाटक के निकट सामने से आ रहे सिलेंडर से भरे एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे गंभीर हालत में बेस हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतक के भाई मेहर सिंह की ओर से वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।




