- ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ की प्रस्तुति पर गूंजा पंडाल, लोकगायकों ने बिखेरे सुर; स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को किया याद
हल्द्वानी : बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने न केवल दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया, बल्कि अपनी कुमाऊंनी गायकी से भी दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके लोकप्रिय गीत ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल झूम उठा। आयोजक मंडल की ओर से आयुक्त को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
आयुक्त की प्रस्तुति ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में आयुक्त दीपक रावत ने मंच से कुमाऊंनी गीत प्रस्तुत कर लोकसंस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता प्रदर्शित की। उन्होंने अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके लोकप्रिय गीतों और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को समृद्ध बनाने में उनके योगदान का उल्लेख किया।
लोकगायकों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
कार्यक्रम में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं, हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने हास्य प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को खूब गुदगुदाया। देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में दर्शक लोकगीतों और संगीत का आनंद लेते रहे।
नई पीढ़ी तक लोकसंस्कृति पहुंचाने की पहल
सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर नंबर-1, बिंदुखत्ता में आयोजित महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत, पारंपरिक लोककलाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही, महोत्सव के माध्यम से अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत रखने और लोकसंस्कृति में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।







