posted on : अप्रैल 16, 2022 5:49 अपराह्न
कोटद्वार । विगत दिनों से लगातार देखने में आ रहा था कि कोटद्वार स्थित जामा मस्जिद में सुप्रीम कोर्ट के नियमों को अनदेखा कर अजान ऊंची ध्वनि में की जा रही थी जिसके विरोध स्वरूप हिंदू युवा वाहिनी अपने घर पर लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ कर रही थी जिस पर शनिवार को प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों को कोतवाली परिसर में बुलाया गया और बैठक आयोजित की गई ।
शनिवार को उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी, सीओ कोटद्वार गणेश लाल और कोतवाल विजय कुमार के साथ दोनों पक्षों की संयुक्त बैठक हुई । बैठक में प्रशासन ने मस्जिद में लाउडस्पीकर में ऊंची आवाज में अजान पढ़ने के मामले में मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरु को हिदायत देते हुए हाईकोर्ट के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया । इसके साथ ही प्रशासन ने अजान के दौरान हिंदू युवा वाहिनी को सायरन और पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई है । प्रशासन के मुताबिक जल्द ही कोटद्वार की मस्जिदों में प्रदूषण बोर्ड जांच करेगा और उसी आधार पर कार्रवाई होगी । नियमों के मुताबिक, साइलेंस जोन के 100 मीटर के दायरे में लाउडस्पीकर या कोई भी शोर करने वाला यंत्र नहीं बजाया जा सकता ।साइलेंस जोन में अस्पताल, कोर्ट और शैक्षणिक संस्थान आते हैं ।


