रुद्रप्रयाग : जनपद रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चंद्रशिला पैदल ट्रैक पर खाई में गिरा पर्यटक, डीडीआरएफ ने रेस्क्यू कर अस्पताल में किया भर्ती। तुंगनाथ-चंद्रशिला पैदल ट्रैक पर बैंगलोर का एक पर्यटक खाई में गिर कर घायल हो गया है। सूचना मिलने पर डीडीआरएफ की टीम ने पर्यटक को रेस्क्यू कर चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया। आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार तुंगनाथ से 02 किमी आगे चन्द्रशिला में बैंगलोर के आश्वथ उम्र 23 का पांव फिसलने से वह लगभग 50 मीटर नीचे खाई में गिरा। जिसके बाद सूचना पर डीडीआरएफ की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटना स्थल पर पहुंचकर यात्री का रेस्क्यू कर स्ट्रेचर के माध्यम से चोपता मार्केट तक लाया गया। जिसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से घायल को उखीमठ हॉस्पिटल लाया गया। यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पर्यटक को जिला चिकित्सालय भेज दिया है।




