posted on : अगस्त 26, 2022 6:10 अपराह्न
कोटद्वार। अग्निवीर भर्ती सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आने पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया। इस बात से आक्रोशित यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।इस अवसर पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजय रावत ने कहा कि कोटद्वार में चल रही अग्निवीर भर्ती में बरती जा रही अनियमितताओं से युवा बेरोजगारों में निराशा का माहौल है। वे अपने भविष्य के प्रति चिंतित हैं। इससे निराश होकर युवा आत्महत्या जैसे घातक कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। इसके अलावा भी अन्य परीक्षाओं में अनियमितताओं के लगातार सामने आने से युवाओं का आक्रोशित होना स्वाभाविक है।
कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार युवा विरोधी हैं। उनके पास रोजगार की कोई ठोस नीति ही नहीं है। जिस तरह से अग्निवीर भर्ती रैली में अनियमितताएं सामने आ रही हैं, उसको देखते हुए रैली को नये सिरे से आरंभ किया जाना चाहिए। मौके पर अग्निपथ योजना को वापस लेने और भर्ती रैली को नए सिरे से आरंभ करने की मांग की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में धीरेंद्र सिंह बिष्ट, साबर सिंह नेगी, बृजपाल सिंह, राजा पंवार, पंकज खत्री, शेखर राणा, सौरभ और धीरज बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।


