- हरिद्वार में दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों और प्राचीन ज्ञान सामग्री का होगा सर्वेक्षण, पंजीकरण एवं डिजिटाइजेशन; जिलावासियों से सहयोग की अपील
हरिद्वार। देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारत मिशन के तहत हरिद्वार में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों और दुर्लभ ज्ञान सामग्री की पहचान कर उनका सर्वेक्षण, पंजीकरण, वैज्ञानिक संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन किया जाएगा। बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध सर्वेक्षण करने और जनसहभागिता के माध्यम से अधिक से अधिक प्राचीन पांडुलिपियों को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
पुस्तकालयों से धार्मिक स्थलों तक खोजी जाएंगी दुर्लभ पांडुलिपियां
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य देश की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना, उसका दस्तावेजीकरण और डिजिटाइजेशन कर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना तथा इस ज्ञान को आमजन के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों, गुरुद्वारों और अन्य संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री का समयबद्ध सर्वेक्षण और पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
पांडुलिपियों की जानकारी जिला पर्यटन अधिकारी कार्यालय में दें
सीडीओ ने कहा कि जनपद में किसी भी व्यक्ति, धार्मिक संस्था, स्वयंसेवी संगठन अथवा शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या अन्य दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय में दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों एवं संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है। प्राप्त जानकारी के आधार पर पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग कर उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जाएगा।
पतंजलि विश्वविद्यालय को राज्य स्तर पर बनाया गया नोडल संस्थान
बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है। इसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति जनपद में उपलब्ध पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, सत्यापन, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेगी।
सीडीओ ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग और नगर निगम सहित अन्य संबंधित संस्थानों से मिशन के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान कर उनकी जानकारी संकलित करें और आपसी समन्वय से अभियान को गति दें।
ज्ञान भारतम ऐप और पोर्टल पर होगा पांडुलिपियों का डिजिटाइजेशन
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने ज्ञान भारत मिशन के उद्देश्यों, कार्ययोजना और क्रियान्वयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और अन्य संस्थाओं में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान कर उनका सर्वेक्षण एवं पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम (GYAN BHARATAM) ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा।
प्राचीन धरोहर बचाने के लिए जनसहभागिता जरूरी : सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति, धार्मिक संस्थान, स्वयंसेवी संस्था, शिक्षण संस्थान, आश्रम, मठ अथवा सामाजिक संगठन के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपना सहयोग अवश्य दें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में शोध अधिकारी, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, प्रभारी प्राचार्य श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय डॉ. रविंद्र कुमार, पतंजलि विश्वविद्यालय से डॉ. स्वाति आर्य, कुलसचिव उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय दिनेश कुमार, कुलसचिव देव संस्कृति विश्वविद्यालय दाऊ देवगण, श्रीराम सोनपे, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्णिमा बिष्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







