लक्सर : उर्वरक खाद बीज भंडार समिति लक्सर द्वारा उप जिलाधिकारी लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी को देर सायं लिखित शिकायत की गई कि शाकंभरी खाद बीज भंडार लक्सर व रायसी द्वारा इफको के नाम से घटिया व नकली उर्वरक किसानों को बेच जा रहा है । संबंधित समिति के पदाधिकारियों की निशानदेही पर उप जिलाधिकारी लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा चौकी प्रभारी रायसी और कोतवाली पुलिस लक्सर के साथ संयुक्त रुप से संबंधित शिकायत की विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए छापेमारी की गई ।

मौके पर संबंधित उर्वरक विक्रेता उपस्थित नहीं मिले । उन्हें उनके घर से लाने हेतु पुलिस द्वारा अनेक प्रयास किए गए और उनके मोबाइल से संपर्क किया गया किन्तु फोन पर दो बार बात करने के बाबजूद वह उपस्थित नहीं हुए और अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया । स्वयं भी मौके पर उपस्थित नहीं हुए । तदुपरान्त पुलिस द्वारा उप जिलाधिकारी लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी की उपस्थिति में गोदाम का ताला तोड़कर मौके इफको के भरे बैग और कुछ खाली बैग बरामद किए। मौके से ही प्रकरण की जानकारी जिलाधिकारी हरिद्वार और मुख्य कृषि अधिकारी हरिद्वार के संज्ञान में लाई गई । संबंधित फर्म या दुकानदार के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए संबंधित फर्म या दुकानदार की लक्सर व रायसी स्थित 15 गोदाम देर रात तक सील कर दिए गए हैं। संबंधित के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही आज भी जारी है।



