पौड़ी : सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली जनपद एवं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के चयन, पात्रता प्रमाण पत्र, क्रीड़ा शुल्क और टीमों की व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षाधिकारी ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही विद्यार्थियों में खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक विशेष खेल की तैयारी कराई जाए और इसके लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों द्वारा इसकी सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में किसी भी अपात्र खिलाड़ी को प्रतिभाग नहीं कराया जाएगा। सभी प्रतिभागियों के पात्रता प्रमाण पत्रों की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने संबंधित ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयकों और प्रतियोगिता संयोजकों को निर्देश दिए कि चयनित खिलाड़ियों की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समय से जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ में उपलब्ध कराएं।
मुख्य शिक्षाधिकारी ने कहा कि बालिका वर्ग की टीमों की प्रतियोगिताओं में विशेष रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बालिका टीम के साथ अनिवार्य रूप से दो महिला शिक्षिकाओं की उपस्थिति रहेगी। महिला शारीरिक शिक्षिका उपलब्ध न होने की स्थिति में अन्य विषय की महिला शिक्षिका को टीम के साथ भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के साथ खेल प्रभारी की उपस्थिति भी अनिवार्य रहेगी।
बैठक में तय किया गया कि जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 09 से 12 सितंबर तक दुगड्डा ब्लॉक में तथा जनपदीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 03 से 06 अक्टूबर तक पौड़ी में आयोजित होगी। वहीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन क्रीड़ा प्रतियोगिता (समस्त बालक वर्ग) 22 से 24 अक्टूबर तक जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ पौड़ी में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार किया जाए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट, जिला क्रीड़ा समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, जिला क्रीड़ा सह समन्वयक राजीव सिंह रावत, मृदुला गुजराल एवं वर्षा सहित विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक उपस्थित रहे।




