posted on : जुलाई 14, 2022 8:37 अपराह्न
कोटद्वार । राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पंवार ने हरेला पर्व की शुरुआत पौधारोपण करके की। हरेला वृक्षारोपण कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वधान में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने वृक्षारोपण किया । वृक्षारोपण के साथ ही साथ रोपित पौधों के संरक्षण के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए। प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पंवार ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में हरेला पर्व वर्षों से मनाया जाता रहा है। जो कि मानव एवं प्रकृति को आपस में जोड़ता है । साथ ही जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वॉर्मिंग के इस दौर में जबकि पर्यावरण प्रदूषण की समस्या गंभीर एवं विकट होती जा रही है। इस समस्या से निजात पाने के लिए आमजन को वृक्षारोपण संरक्षण का संदेश हरेला पर्व के माध्यम से वर्षों से दिया जाता रहा है ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ किशोर सिंह चौहान ने कहा कि प्रतिवर्ष जुलाई व अगस्त माह में संपूर्ण भारतवर्ष में वृहद मात्रा में वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाता है, किंतु संरक्षण के अभाव में रोपित पौधे मर जाते हैं। इसलिए रोपण के साथ ही साथ पौधों में संरक्षण के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने आवश्यक हैं। डॉक्टर किशोर सिंह चौहान ने कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रों का एनएफएस समूह निरंतर पिछले 12 वर्षों से रोपित पौधों का संरक्षण भी कर रहा है। चौहान ने कहा कि भारत के प्रत्येक विद्यार्थी के लिए वृक्षारोपण संरक्षण कार्य अनिवार्य किया जाना चाहिए। हरेला पर्व के वृक्षारोपण के इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ वंदना चौहान एवं अंग्रेजी के छात्र-छात्राएं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ सरिता चौहान एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ प्रवीण जोशी, डॉक्टर मानसी, डॉ चंद्रप्रभा कंडवाल, डॉ सीमा, कुमारी डा प्रजापति सहित महाविद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।


