चमोली : जिलाधिकारी हिमांशु खुराना हर रोज जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर रहे है। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जो शिकायतें मिल रही है उन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। छिनका के समस्त ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से गांव में पिछले 15-20 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी सामने रखी। बताया कि विभाग को कई बार इसकी सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नही की जा रही है। समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने विभाग को सख्त हिदायत देते हुए समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद छिनका गांव में पेयजल आपूर्ति को सुचारू कर दी गई है।
वही दूसरी ओर गैरसैंण ब्लाक के लाटूगैर निवासी जगदीश प्रसाद ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि पिछले 8 माह से बिजली के बिलों का भुगतान करने के बावजूद भी बिजली विभाग द्वारा उनको रु0 7829 का बिल थमाया गया है। इस बारे में कई बार विभाग से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि बिजली का मीटर खराब होने के कारण अनुमानित बिल दिया गया है। जबकि वे प्रत्येक माह बिल जमा कर रहे थे। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को शिकायत का तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। विभाग द्वारा इस पर कार्रवाई करते हुए बताया कि जून में मीटर बदला गया था लेकिन सही रीडिंग न भरे जाने के कारण उक्त संयोजन बिल अधिक आया है। जिसकों संशोधित करके 368 रुपये का बना है।




