posted on : अप्रैल 17, 2022 3:37 अपराह्न
कोटद्वार । लगातार चार दिनों की छुट्टी व शादियों के सीजन के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को रविवार को लंबा इंतजार करना पड़ा । यात्रियों की संख्या के आगे दिल्ली और देहरादून रूट पर बसें कम पड़ गईं। बसों में सीट के लिए यात्रियों में मारामारी रही। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोग बसों का इंतजार करते नजर आए। देर शाम तक परिवहन व्यवस्था पटरी से उतरी रही।
रोडवेज परिसर में रविवार को राज्य परिवहन निगम की विभिन्न रूटों पर बसें कम पड़ गईं। सुबह से ही रोडवेज बस अड्डे पर दिल्ली व देहरादून रूट की सवारियां बसों की कमी के चलते परेशान रहीं। दिल्ली रूट की बसों में सीट पाने के लिए सवारियों में मारामारी देखने को मिली। यात्रियों ने बताया कि एक से दो घंटे बाद दिल्ली रूट की एक बस आ रही है, जबकि सवारियां दो गुना हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ देख निगम ने दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया। इस पर सहायक महाप्रबंधक रोडवेज डिपो कोटद्वार टीकाराम आदित्य ने बताया कि लगातार चार दिनों की छुट्टी व शादियों के सीजन के चलते दिल्ली और लोकल रूट पर सवारियों की संख्या बढ़ी है। सवारियों को परेशानी न हो इसके लिए जरूरत के आधार पर अतिरिक्त बस सेवाएं चलाई जा रही हैं।


