- कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, पारंपरिक सिलबट्टे पर पीसा पहाड़ी नमक
- श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, आधुनिक घाटों के निर्माण और मेले के आयोजन में सरकारी सहयोग की घोषणा
लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है बैकुंठ चतुर्दशी मेला : धामी
मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी समृद्ध धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति के सशक्तीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
200 करोड़ की सीवर परियोजना, 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होने से आवागमन सुगम होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
श्रीनगर में विकसित होगी साइंस सिटी, आधुनिक घाटों को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही।
उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग एवं देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।
श्रीनगर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विशेष डाक आवरण और पुस्तक का किया विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







