- स्वीकृति का लिखित आदेश मिलने तक श्रमदान जारी रखने का ऐलान
- बुजुर्ग महिलाओं ने भी संभाले गैंती-फावड़े
कर्णप्रयाग (चमोली)। सड़क की मांग को लेकर कर्णप्रयाग ब्लाॅक के पांच गांवों के ग्रामीणों का श्रमदान आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। गनोली, रवेंठा, रोलजुन्यारी, गैन और सजकटा के ग्रामीणों ने शनिवार को करीब 25 मीटर सड़क काटी। तीन दिनों में ग्रामीण अपने दम पर करीब 86 मीटर कच्ची सड़क तैयार कर चुके हैं।
शनिवार को पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने एक माह के भीतर सड़क की डीपीआर को स्वीकृति मिलने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हुए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब वे केवल आश्वासनों के भरोसे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने कहा कि जब तक विभाग सड़क निर्माण की स्वीकृति का लिखित आदेश नहीं दिखाता, तब तक श्रमदान जारी रहेगा। ग्रामीणों के इस संघर्ष में युवाओं और पुरुषों के साथ बुजुर्ग महिलाएं भी जुटी हैं। कल्पि देवी, पूर्व प्रधान कुंती देवी, सावित्री देवी और देवेश्वरी देवी ने गैंती-फावड़ा चलाकर सड़क निर्माण में जुटे हुए हैं।
इधर, उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भी ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया है। यूकेडी के आशीष नेगी अपने समर्थकों मनोज सिंह, देवेंद्र सिंह और मुकेश कुंवर के साथ करीब साढ़े तीन किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने श्रमदान कर रहे ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।
आशीष नेगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और विभाग की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है। पहाड़ का विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि गांवों तक सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने से होगा। ग्रामीणों को सड़क के लिए खुद श्रमदान करना पड़ रहा है, जो व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।







