कोटद्वार । जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में जसोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्रियों में तकरीबन 25 साल बाद सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन उपकरण लगने शुरू हो गए हैं। कुछ दिनों पूर्व अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने फैक्ट्रीयों का निरिक्षण किया था जिसमें औधोगिक क्षेत्र में भारी अनियमितताएं पाई गयी थीं। जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी की कड़ी फटकार के बाद जसोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्रियों में तकरीबन 25 साल बाद सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन उपकरण लगने शुरू हो गए हैं।
आपको बताते चलें कि 27 अगस्त को अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने कोटद्वार जसोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक को फैक्ट्रियों में भारी अनियमितताएं मिली थीं। किसी भी फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं पाये गये। तब अपर पुलिस अधीक्षक ने फैक्ट्रीयों के मालिक सहित अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) कोटद्वार को कड़ी फटकार लगाई थी। उस दौरान 15 दिन के भीतर सभी फैक्ट्रियों में फायर उपकरण लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी की कड़ी फटकार के बाद हरकत में आए एफएसओ अनिल कुमार त्यागी ने फैक्ट्री मालिकों पर शिकंजा कसना शुरू किया जिसके बाद 25 साल के बाद जसोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगने शुरू हो गये हैं। एफएसओ अनिल कुमार त्यागी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर फैक्ट्री मालिकों को सख्त निर्देशित किया गया कि तत्काल प्रभाव से फायर उपकरण लगाए जाएं। वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्र में 16 फैक्ट्रियां हैं, जिनमें से 6 फैक्ट्री मालिकों ने अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। अगले 1 महीने के अंदर सभी फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगा दिए जाएंगे।