कोटद्वार । मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (एमएसवाई) के लिए शनिवार को हुए साक्षात्कार में 73 प्रोजेक्ट चयनित किए गए, जिसमें 4.59 करोड़ का पूंजी निवेश प्रस्तावित किया गया है। योजना के तहत 217 लोगों को स्वरोजगार मिलेगा। योजना के तहत सेवा क्षेत्र, व्यवसाय क्षेत्र व विनिर्माण क्षेत्र में उद्यमों के लिए 10 से 25 लाख रुपये का ऋण बैंक से मिलेगा, जिसमें प्रोजेक्ट मूल्य का 20 फीसदी अनुदान प्रदान किया जाएगा।
तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी ने लाभार्थियों के साक्षात्कार लिए। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि चयनित प्रोजेक्ट में जनरल स्टोर, मुर्गी पालन, बकरी पालन, रेडीमेट गारमेंट स्टोर, रेस्टोरेंट, मशरूम उत्पादन, गाय पालन शामिल हैं। जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी में अनिल कटारिया अग्रणी बैंक प्रबंधक एसबीआई, अजय नागपाल मुख्य प्रबंधक एसबीआई, कुणाल संजय मेहरा जिला समन्वयक अधिकारी पीएनबी, हरीश कंडारी शाखा प्रबंधक यूजीबी कोटद्वार, रणवीर सिंह प्रवक्ता राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हल्दुखाता शामिल रहे।





Discussion about this post