posted on : जून 7, 2022 4:51 अपराह्न
कोटद्वार। बार एसोसिएशन ने कोटद्वार तहसील में उपजिलाधिकारी की स्थायी नियुक्ति करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन । मंगलवार को तहसील में बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय पंत की अगुवाई में सभी अधिवक्ता गण की एक बैठक आयोजित की गई । बैठक में अध्यक्ष अजय पंत ने कहा कि तहसील में एसडीएम की स्थायी नियुक्ति न होने के कारण आमजन के कोई काम नहीं हो पा रहे हैं। तहसील अस्थाई एसडीएम के भरोसे है।
कहा कि कोटद्वार तहसील बड़ी तहसील है। दूर दराज के ग्रामीण यहां पर तहसील संबंधी कार्य के लिए आते हैं लेकिन एसडीएम नहीं होने से वे मायूस होकर वापस लौट जाते हैं। बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को मौखिक लिखित रूप से कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया । बैठक में जितेंद्र रावत, सागर बिष्ट, प्रवेश रावत, विकास कुमार, आरसी अग्रवाल, शोभा बहुगुणा भंडारी, अहसान अहमद, इंद्रेश भाटिया और जसवीर राणा सहित सभी अधिवक्ता मौजूद रहे।



