posted on : दिसम्बर 21, 2021 5:25 अपराह्न
कोटद्वार। नगर निगम द्वारा बारातघरों से लाइसेंस शुल्क वसूले जाने का कोटद्वार वैडिंग प्वाइंट एसोसिएशन ने विरोध किया है। उन्होंने मेयर हेमलता नेगी और नगर आयुक्त केएस नेगी को ज्ञापन सौंपकर लाइसेंस शुल्क को समाप्त करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा गजट 3 अक्टूबर 2020 का हवाला देकर प्रत्येक बारातघर स्वामी को दस हजार रूपए व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क भरने का नोटिस थमाया जा रहा है और नहीं भरने पर एक हफ्ते में पांच हजार रूपए का अर्थदण्ड तथा 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रभार देने की भी चेतावनी दी गई है जो कि गलत है। कहा कि कोरोना महामारी के चलते सबसे ज्यादा बारातघर का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। पिछले दो वर्षों से ठीक आधी कमाई में बारातघर संचालकों को बिजली पानी का बिल, रख रखाव का खर्चा तथा कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करना पड़ रहा है। वहीं सरकार की ओर से भी उनको कोई राहत नहीं दी गई है।ज्ञापन सौंपने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप नेगी, उपाध्यक्ष दीपक कपटियाल, राकेश अग्रवाल, मोहित बलूनी, अनिल भाटिया, विजय सुंद्रियाल, मनीष, हरेंद्र रावत, दीपक कपटियाल आदि शामिल रहे।



