posted on : सितम्बर 19, 2022 5:40 अपराह्न
कोटद्वार । सनेह पट्टी के ग्रामीणों ने गांवों के बीच से राष्ट्रीय राजमार्ग 534 का सर्वे करने का विरोध किया है। इस बात से आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। सोमवार को सनेह पट्टी के लालपानी, नाथूपुर, बिशनपुर और रतनुपर आदि गांवों के ग्रामीण राष्ट्रीय राजमार्ग विरोध संघर्ष समिति के अध्यक्ष आशीष रावत के नेतृत्व में तहसील में एकत्रित हुए। वहां पर ग्रामीणों ने आबादी के बीच से राजमार्ग का सर्वे करने के विरोध में प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि राजमार्ग के कारण सैकड़ों लोग आवास विहीन हो जाएंगे। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक, अनुसूचित जाति और अन्य लोगों के परिवार निवास करते हैं। यहां के ग्रामीण खेती कर ही अपना गुजारा करते हैं। वर्तमान में राजमार्ग के सर्वे के कारण ग्रामीणों की जीवनभर की पूंजी दांव पर लगी हुई है, साथ ही ग्रामीणों में असंतोष भी पनप रहा है, इसलिए राजमार्ग का अन्यत्र स्थान से चिन्हीकरण किया जाना चाहिए। चेतावनी दी कि इस संबंध में शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को उग्र करने पर बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में भजन सिंह, हरीश नेगी, धीरज सिंह नेगी, सुशील बलूनी, उमा देवी, ममता देवी, महिंद्र पाल सिंह, कुलदीप रावत, अर्जुन सिंह और सतेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।




