posted on : सितम्बर 20, 2022 5:21 अपराह्न
कोटद्वार। साहित्यिक संस्था साहित्यांचल की ओर से संस्था की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता का विषय बहुभाषावाद के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी का पदार्पण रखा गया था। प्रतियोगिता के महाविद्यालयी प्रतियोगिता वर्ग के अंतर्गत पीतांबर दत्त बड़थ्वाल महाविद्यालय कोटद्वार तथा राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी भाबर के छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अरविंद सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में पीयूष सुंदरियाल, रिया चौधरी तथा सलोनी कुलाश्री प्रथम स्थान पर रहे। गरिमा द्वितीय स्थान तथा अंजली रावत एवं साहिल रावत तृतीय स्थान पर रहे। संस्था के अध्यक्ष जनार्दन बुड़ाकोटी ने हिंदी भाषा को विश्व स्तरीय भाषा बनाने में सभी से योगदान करने के लिए कहा। निर्णायक मंडल में डा. नागेंद्र ध्यानी, सेवानिवृत्त उप निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र देहरादून तथा राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में हिंदी विषय के विभागाध्यक्ष डॉ भोलेनाथ शामिल रहे। विजयी प्रतिभागियों को गांधी जयंती के अवसर पर एमकेवीएन विद्यालय में पुरस्कृत किया जाएगा।


