कोटद्वार : पौड़ी जनपद के कोटद्वार में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र के से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 48 हजार रुपये ठग लिए गए। युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ठगी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई कर उसकी रकम को वापस दिलाने की मांग की। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
कल बुधवार को कोतवाली पहुंचे लकड़ी पड़ाव निवासी छात्र सलमान अहमद ने मामले में तहरीर देते हुए बताया कि वह एमए का छात्र है। दो वर्ष से फेसबुक में ज्वालापुर हरिद्वार का एक व्यक्ति उससे जुड़ा हुआ है। जून में वह अपने रिश्तेदार के यहां हरिद्वार गया था, तभी उस व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई थी। तब उस व्यक्ति ने बताया कि वह सेटिंग करके रेलवे में नौकरी दिलाने का कार्य करता है और वह उसे भी रेलवे की नौकरी दिला देगा। उसने कहा कि रेलवे में टीटीई की जॉब है, उसके लिए एक लाख रुपये लगेंगे। उसने आधा पैसा एडवांस और बाकी नौकरी लगने के बाद देने की बात कही।
छात्र ने बताया कि वह उसके झांसे में आ गया। उसने किसी तरह उसे 45 हजार रुपये और 3800 रुपये यूनिफार्म के रूप में 48800 रुपये एकत्र किए और उसको गूगल-पे कर दिया। पैसे मिलते ही व्यक्ति ने रेलवे में टीटीई पद का नियुक्तिपत्र उसे व्हाट्सएप कर उसे पांच दिन के अंदर दिल्ली के पते पर ज्वाइनिंग देने की बात कही। दो दिन के बाद जब वह नियुक्तिपत्र लेकर दिल्ली पहुंचा तो पता फर्जी निकला। उसने उसी समय हरिद्वार के व्यक्ति को फोन किया, जिसमें उसने बताया कि कंपनी भाग गई है। व्यक्ति ने आजतक उसका पैसा वापस नहीं लौटाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




