लैंसडाउन : कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण हेतु नियमित चलाए जा रहे अभियान के तहत ए०आई० कैमरों की मदद से 3 अक्टूबर को सोनानदी रेंज की कालागढ़ पश्चिमी बीट में वनकर्मियों ने खैर का हरा पेड़ काट रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, कालागढ़ पश्चिमी बीट के नलकट्टा कक्ष संख्या 7 में रात्रि गश्त के दौरान वनकर्मियों को कंडी सीमा के समीप पांच व्यक्ति एक खैर के हरे वृक्ष को काटते हुए दिखाई दिए।
वनकर्मियों द्वारा मौके पर पांच में से दो अभियुक्तों, दलजीत सिंह पुत्र स्व० गुरमेस सिंह, ग्राम-मडैया हट्टू, पोस्ट-हरिपुरा हरसान, बाजपुर, उधम सिंह नगर एवं अजय पुत्र गोविन्द सिंह, ग्राम-मडैया हट्टू, पोस्ट-हरिपुरा हरसान, बाजपुर, उधम सिंह नगर को पकड़ लिया गया।
वहीं, तीन अन्य अभियुक्त विशाल पुत्र रेशम सिंह निवासी रामपुर काजी, केलाखेड़ा, बाजपुर, उधमसिंहनगर, अंग्रेज सिंह पुत्र हरनेक सिंह एवं सन्नी सिंह पुत्र पलवन्दर सिंह उर्फ कलैक्टर, निवासीगण ग्राम खदरी, पो०-बढ़नुपर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, रात्रि में अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
अभियुक्तों के पास से मौके पर एक आरा, एक कुल्हाड़ी, दो 12 बोर के कारतूस एवं एक अल्टो कार संख्या यूपी 25 V 6135 बरामद कर जब्त कर ली गई।
अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत किया गया है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को मा० न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, फरार अभियुक्तों की खोजबीन जारी है।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग के उप वन संरक्षक तरूण एस० ने बताया कि प्रभाग के अंतर्गत वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्रों में ए०आई० एवं आई०पी० कैमरों से निगरानी की जा रही है। इससे अवैध पातन एवं अवैध प्रवेश करने वाले अपराधियों को पकड़ने में काफी मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को सोनानदी रेंज के अंतर्गत अवैध पातन कर रहे अपराधियों को भी उक्त कैमरों की मदद से ही स्टाफ द्वारा पकड़ा गया। इस संबंध में उप वन संरक्षक तरूण एस० द्वारा कर्मचारियों की सराहना भी की गई।
साथ ही उनके द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि प्रभाग की कंडी सीमा से लगे वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर स्टाफ एवं कैमरों की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।




