पौड़ी : जिला प्रशासन के तत्वाधान में कल 24 फरवरी 2021 को धुमाकोट तहसील क्षेत्रांतर्गत में न्याय पंचायत स्तर पर बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी धुमाकोट जितेंद्र वर्मा ने बताया कि तहसील क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भौन में शिविर का आयोजन किया जाना है। शिविर प्रातः 11 बजे से लेकर सायं 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें जन समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण के साथ ही सभी संबंधित रेखीय विभागों के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा राजस्व व समाज कल्याण आदि विभागों की ओर से प्रमाण पत्र बनाये और निर्गत किये जाएंगे। थाना धुमाकोट द्वारा नशा उन्मूलन एवं नशा मुक्ति को लेकर भी जानकारियां दी जाएंगी। उन्होंने शिविर में तहसील क्षेत्रांतर्गत एनएच, पीएमजीएसवाई, खण्ड शिक्षा, बैंक, उद्यान, कृषि, विद्युत समेत सभी संबंधित विभागों को उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं।



