पौड़ी : गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने आज सर्किट हाउस पौड़ी में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के चौमुखी विकास के लिए बजट की सुनियोजित व्यवस्था की गई है। कहा कि सड़कों के निर्माण के मामले में उनकी सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्माण कार्य किये हैं। कहा कि उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा के माध्यम से राज्य के पहाड़ी जिलों का विकास और अधिक सुदृढ़ होगा, इससे पहाड़ी जिलों में पलायन पर रोकथाम तो होगी ही साथ ही युवाओं को रोजगार के नये नये अवसर भी प्राप्त होंगे। इसके अलावा केंद्र की भारतमाला योजना के अन्तर्गत उत्तराखण्ड के सीमान्त जनपदों की सड़कों को यातायात के लिए और अधिक सुगम बनाया जाएगा।
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि सड़कों को मानकों के अनुसार चौड़ीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे मार्ग को भी चारधाम यात्रा से जोड़ने की बात कही। कहा कि वर्ष 2024 तक इस रेलवे मार्ग का निर्माण कार्य भी पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित रामनगर क्षेत्र से लेकर चैखुटिया व ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण तक रेलवे मार्ग के निर्माण की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र की हर घर नल और नल में जल योजना को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर रोशनी डाली। कहा कि सर्वे से लेकर कनेक्शन वितरण तक यह योजना चरणों में पूरी होगी। इसमें सभी जरूरतमंदों को पेयजल कनेक्शन दिये जाएंगे। इस मौके पर उन्होंने इस बार के बजट को ऐतिहासिक बताया। कहा कि इससे लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। कहा कि बजट में यह भी कहा गया है कि पूरे देश में सौ सैनिक स्कूलों को स्थापित किये जाएंगे। इसके तहत उत्तराखंड में भी सैनिक स्कूल खोले जाएंगे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता मधु खुगशाल, संगीता रावत, धर्मवीर रावत, क्रांति किशोर, अनूप देवरानी आदि उपस्थित रहे।



