पौड़ी : जिलाधिकारी गढ़वाल धीराज सिंह गर्ब्याल ने 25 दिसम्बर 2020 को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। सुशासन दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से पीएम किसान निधि के अन्तर्गत 18 हजार करोड़ रूपये को 09 करोड़ किसान भाइयों एवं बहिनों के खाते में हस्तान्तरित किये जायेंगे। मा. प्रधानमंत्री जी इसी दिवस को दोपहर 12:00 बजे किसानों को सम्बोधित भी करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न टीवी, चैनलों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से देशभर में किया जायेगा।
जिलाधिकारी गढ़वाल धीराज सिंह गर्ब्याल ने उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विकास खण्ड मुख्यालयों एवं न्याय पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, विकास खण्ड मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों की सम्पूर्ण व्यवस्था कृषि विभाग एवं न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की सम्मूर्ण व्यवस्था पंचायत राज विभाग द्वारा की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि विकास खण्ड मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्बोधन हेतु बड़ी स्क्रीन का तथा न्याय पंचायत स्तर पर लार्ज टीवी स्क्रीन एवं इंटरनेट का प्रबन्ध किया जाये। कहा कि कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाये। जिला पंचायत राज अधिकारी, जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सम्मूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही कोविड-19 के दृष्टिगत भारत सरकार/राज्य सरकार से निर्गत सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य निवारक दिशा-निर्देशों का पालन करवाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी गढ़वाल धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि उक्त कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 10:30 बजे से किया जायेगा, जिसमें सरकार द्वारा किसानों के हित में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णयों जैसे नीम कोटेड यूरिया, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड, एम.एस.पी. के दामों में ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी, पीएम सिंचाई योजना, किसान रेल, 10 हजार एफपीओ को 01 लाख करोड़ रूपये का निवेश इत्यादि के बारे में विस्तृत चर्चा की जाय।





Discussion about this post