कोटद्वार । गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कोटद्वार पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी के चलते सही समय पर लॉकडाउन करने सहित अन्य जो भी निर्णय लिया । वह आज हम सभी के लिए लाभदायक रहा । जिसके परिणाम सबके सामने है कि , विदेशों की तुलना में भारत को कोरोना से कम नुकसान उठाना पड़ा । उन्होंने कहा कि हमारे देश में कोरोना महामारी के कारण होने वाली मृत्यु दर अन्य देशों की तुलना में काफी कम है । जबकि भारत की जनसंख्या अन्य देशों की तुलना में बहुत ही अधिक है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यदि वर्तमान परिस्थितियों देश की सत्ता किसी और पार्टी के हाथ में होती तो देश सामाजिक, सामरिक और आर्थिक रूप से पूरी तरह बर्बाद हो जाता। लेकिन मोदी के हाथों में आज देश पूर्णतः सुरक्षित है ।

सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने इस महामहारी के दौरान 80 करोड़ से अधिक लोगों के लिए राशन इत्यादि के मद में 80 हजार करोड़ रुपये धनराशि की व्यवस्था की । श्री रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में ऐतिहासिक कार्य हुए है। पिछले 65 सालों में उतना काम नहीं हुआ है जितना मोदी के नेतृत्व में छ: साल में हुआ है। केन्द्र सरकार ने पिछले एक वर्ष में ऐतिहासिक निर्णय लिए है। जिसमें जम्मू कश्मीर से धारा 370, 35ए, तीन तलाक, नागरिक संशोधन बिल, राम जन्म भूमि मुद्दा प्रमुख है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नये आयामों के साथ काम किया है, जिनका विश्व के अन्य देश भी अब अनुपालन करने लग गए हैं । कहा कि केन्द्र/राज्य की भाजपा सरकार के कार्यकाल में तेजी से विकास कार्य हो रहे है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम वर्ष 2024 तक पूरा हो जायेगा।
सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केन्द्र के पास पैसे की कमी नहीं है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ा जा रहा है। भारत माला रोड के तहत 12.5 करोड़ की लागत से उत्तराखण्ड और अरूणाचल राज्य सहित अन्य राज्यों को बार्डर से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान देश को संभालते हुए निम्न आयवर्ग के 30 करोड़ से अधिक जनधन खातों में पांच-पांच सौ रूपये की धनराशि भेजी गई है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। स्वरोजगार शुरू करने के लिए बिना ब्याज के लोन दिया जा रहा है। जिससे युवा कुटीर, लघु उद्योग स्थापित कर सके ।
सांसद तीरथ सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने , लोकसभा में कोटद्वार का बहुचर्चित कंडीमार्ग, एनआईटी का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने डिजिटल इंडिया अभियान जनसेवाओं को सुगम बना रहा है न्याय पंचायत स्तर पर आय, आवास, जन्म-मृत्यु आदि प्रमाण पत्र बनाने की आसान व्यवस्था की गई है। पत्रकार वार्ता में पुलिस के प्रति जनता की बदली हुई धारणा पर पुलिस महकमे को बधाई देते हुए गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कोरोनावीरों के रूप में उल्लेखनीय कार्य कर पुलिसकर्मियों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सहृदयतापूर्वक किये गए राशन, दवा वितरण आदि कार्यों से जनता का दिल जीता है । सांसद तीरथ सिंह रावत ने आज कोटद्वार- दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने डेंजर जोनों का भी निरीक्षण किया । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन जोनों के स्थायी हल निकालने के लिए कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिये ।




Discussion about this post