कोटद्वार । नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने स्वतंत्रता दिवस, डेंगू संक्रमण तथा कोरोना संक्रमण को लेकर अधिकारियों की बैठक ली गयी।
नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में महापौर हेमलता नेगी ने कहा कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस पर भव्य समारोह का कार्यक्रम नहीं किया जा सकेगा, सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन करते हुए नगर निगम कार्यालय के समक्ष एवं मालवीय उद्यान में सीमित लोगों की उपस्थिति में निर्धारत समय पर झंडारोहण किया जायेगा। तथा स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के वीर अमर शहीदों को याद किया जायेगा। कहा कि इस बार कोरोना संक्रमण के चलते स्कूली बच्चों की प्रभात फेरियां नहीं निकाली जायेगी, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी संभव नहीं हो पायेगा।
महापौर ने अधिकारियों को डेंगू के बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश देते हुए चालीस वार्डो में नियमित कीटनाशक का छिड़काव कराये जाने के भी निर्देश दिये। सफाई निरीक्षकों को भी प्रत्येक वार्ड में अपनी निगरानी में साफ सफाई करने के निर्देश दिये। महापौर ने लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के लिए पंपलेट एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूक करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही कोटद्वार में लगातार कोरोना संक्रमण के बढते मरीजों पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक रहने की अपील की है, तथा सोशल डिस्टेसिंग सहित मास्क एवं जरूरी उपाय किये जाने की भी अपील की है। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, सोमेन्द्र चौधरी मौजूद थे।




Discussion about this post