- नगर पालिका की बैठक में मेले की तैयारियों पर मंथन
- स्थानीय उत्पादों-पहाड़ी व्यंजनों को मिलेगा बढ़ावा
- मुख्य बाजार को दीपावली की तर्ज पर सजाने का सुझाव
गोपेश्वर (चमोली)। नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर की ओर से आयोजित होने वाले शरदोत्सव मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
गुरुवार को नगर पालिका सभागार में पालिका अध्यक्ष संदीप रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले के आयोजन, स्वरूप, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में मेला आयोजित करने पर सहमति बनी। मेले की अवधि न्यूनतम सात दिन रखने का सुझाव भी दिया गया।
बैठक में व्यापार संघ गोपेश्वर के अध्यक्ष विनोद जोशी ने सुझाव दिया कि मेले के दौरान मुख्य बाजार को दीपावली की तर्ज पर सजाया जाए। मेले में विभिन्न प्रकार के खेल, स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। मेले का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के साथ व्यापार संघ की ओर से पूर्ण सहयोग देने की बात भी कही गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने मेले में उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ढोल वादन प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव दिया। इसमें जनपद के साथ अन्य जनपदों के प्रतिभागियों को भी आमंत्रित करने की बात कही। उन्होंने मेले में महिलाओं के मंगलगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने का सुझाव दिया। स्वास्थ्य शिविर लगाकर गरीब और असहाय लोगों का निःशुल्क उपचार कराने की बात रखी।
बैठक में स्थानीय उत्पादों और पहाड़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मेले के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। महिला समूहों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाने का सुझाव दिया गया।
बीटेक कालेज के संदीप कंडवाल ने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच तकनीकी क्षेत्र की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की बात रखी। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ बैडमिंटन के अलावा इंडोर और आउटडोर खेलों को भी शामिल करने का सुझाव दिया गया। मेले में प्रतिभावान विद्यार्थियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की बात भी उठी।
बैठक में मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, स्थानीय हाथों से बने उत्पादों को बढ़ावा देने और धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को प्रदर्शित करने वाले थीमेटिक सजावट करने के सुझाव भी दिए गए। नगर क्षेत्र के विद्यालयों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने तथा विद्यार्थियों में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान सुशीला सेमवाल, राकेश गैराला, हेम पुजारी, मनीष नेगी, ओम प्रकाश नेगी, अमित मिश्रा, चंद्रकला तिवारी, अधिशासी अधिकारी अनिल पंत आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन सिटी मिशन मैनेजर सुरेंद्र पंवार ने किया।







