posted on : जुलाई 8, 2022 5:19 अपराह्न
टिहरी : खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, खेल एवं युवा कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा आज बौराड़ी स्टेडियम एवं बादशाहीथौल मिनी स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर स्टेडियम सुढृढीकरण में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल इवा आशीष श्रीवास्तव द्वारा बौराड़ी स्टेडियम एवं बादशाहीथौल मिनी स्टेडियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बौराड़ी स्टेडियम निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया गया कि बौराड़ी स्टेडियम का निर्माण यूपी निर्माण निगम द्वारा किया गया है, जिसको अभी तक युवा कल्याण विभाग को हैण्डऑवर नहीं किया गया है, जिसके कारण स्टेडियम सुधारीकरण के कोई कार्य नहीं हो पा रहे हैं। बताया कि स्टेडियम में बरसात में पानी भर जाता है, पानी निकासी हेतु ड्रेनेज सिस्टम के लिए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा निर्देशित किया गया कि स्टेडियम का परीक्षण कर स्टेडियम को युवा कल्याण विभाग को हैण्डआवर करने के संबंध में शासन से मार्गदर्शन लेते हुए रिपोर्ट शासन को भेजना सुनिश्चित करें।
बादशाहीथौल मिनी स्टेडियम के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि स्टेडियम के सुधारीकरण में दो तीन लाख की धनराशि प्रस्तावित है, जिसमें कोई दिक्कत नहीं है, किन्तु स्टेडियम के समीप डोरमैट्री हेतु जो भूमि चिन्ह्ति की गई है, उसमें राजस्व एवं रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन की समस्या आ रही है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर एसडीएम टिहरी अपूर्वा सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार सुनीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी मौजूद रहे।


