posted on : दिसम्बर 20, 2025 10:49 अपराह्न
नोएडा (गौरव गोदियाल) । नोएडा स्टेडियम में चल रहे 15वें उत्तराखंड महाकौथिग मेले के दूसरे दिन शनिवार को प्रवासी उत्तराखंडियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह का सत्र कवि सम्मलेन के नाम रहा । 15वें महाकौथिग के दूसरे दिन सुबह के सत्र का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डीआईजी लाएंन ऑडर राजीव नारायण मिश्र द्वारा रिबन काट कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने उत्तराखंड महाकौथिग मेले की जमकर सराहना की और पूरी महाकौथिग टीम को बधाई दी। जिसके बाद उत्तराखंड के जाने माने कवियों द्वारा कवि सम्मेलन किया गया ।
शनिवार को महाकौथिग के दूसरे दिन शाम के सत्र का शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमन्त्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया । इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने सुंदर आयोजन के लिए महाकौथिग टीम का दिल खोलकर प्रशंशा की । उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से प्रवतीय सांस्कृतिक संस्था हमारे उत्तराखंड की लोक कला एवं लोक सस्कृति को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इतनी भव्यता के साथ प्रदर्शित कर रही है वह तारीफ के काबिल है । कहा कि नोएडा स्टेडियम में आज उत्तराखंड मूल के लोगों की इस अपार भीड़ को देखकर मुझे लग रहा है कि मैं उत्तराखंड में ही हूं । इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर सांसद महेश शर्मा, दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे ।महाकौथिग में पहाड़ी उत्पादों, आभूषणों एवं पोशाकों के अलावा पहाड़ी खानपान के करीब 180 स्टाल लगे हुए हैं जहां पर लोग काफी मात्रा में खरीददारी कर रहे हैं । इस अवसर पर महाकौथिग के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, संस्थापक कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंद्रा चौधरी समेत समस्त महाकौथिग टीम उपस्थित रही ।




