posted on : अप्रैल 12, 2023 4:54 अपराह्न
कोटद्वार । प्रखण्ड रिखणीखाल क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी से अनवरत ग्यारहवें वर्ष में चार छात्रों अखिल रावत पुत्र सुनील सिंह रावत, अंश रावत पुत्र देवेन्द्र सिंह रावत, मानवी गुसाईं पुत्री लक्ष्मण सिंह गुसाईं तथा सिमरन रावत पुत्री सूरजभान रावत का शैक्षिक सत्र 2022-23 की कक्षा पांचवीं का राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सन्तूधार पौड़ी गढ़वाल के लिए चयन हुआ है । जिसकी पुष्टि दूरभाष पर उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा केंद्र रामनगर के सचिव तथा प्राचार्य राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सन्तूधार पौड़ी ने दी ।
गौरतलब है कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी विगत वर्षों से बहुआयामी गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास, सृजनात्मक गतिविधियों, सांस्कृतिक सामाजिक व शैक्षिक संवर्धन में जनपद से राज्य स्तर पर प्रतिष्ठित है। जहां दैनिक नवाचार, शिक्षण संवाद, खेल, सपनों की उड़ान, मैथ्स अंग्रेजी विजार्ड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं में में सहभागिता सुनिश्चित कर रही है और विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से भौतिक सुविधाओं से सुसज्जित है। दैनिक रूप से संगीतमय प्रार्थनासभा से लेकर शैक्षिक उद्देश्यों की प्रतिपूर्ति हेतु विविध आयोजन समेत कार्यक्रम होते रहते हैं। सन 1950 में आधारिक विद्यालय बड़ियारगांव से शाखा विद्यालय के रूप में स्थापित माणासारी खेत में कोटड़ी विद्यालय के छात्र छात्राओं ने राज्य स्तर तक अपना परचम लहराया है।
सर्वाधिक छात्र संख्या वाले प्रखण्ड रिखणीखाल के इस विद्यालय में कम्प्यूटर शिक्षण, प्रोजेक्टर द्वारा शिक्षण सम्पादित किया जाता है। वहीं एमडीएम में नियमित रूप से जैविक खेती में उत्पादित स्थानीय सब्जी का प्रयोग किया जाता है। विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा शिक्षण व पाठ्य सहगामी क्रिया कलाप विशेषतः गतिमान है। अभिभावक अपने पाल्यों का जन्मदिवस हर्षपूर्वक विद्यालय में मनाते हैं जो सभी को सुखदानुभूति देता है वहीं अध्यापक भी प्रत्येक पर्व को छात्रों के साथ मनाते हैं जो जीवन्त परम्परा का सूचक है । विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिष्णु पाल सिंह नेगी, सहायक अध्यापक डॉ अम्बिका प्रसाद ध्यानी, देवेश आदमी, एसएमसी अध्यक्ष अनीता देवी, बिनीता रावत, ग्राम पंचायत प्रधान सविता देवी, सरदार सयन सिंह रावत, सूरजभान सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशोदा देवी, लक्ष्मण सिंह गुसाईं, क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया बिनीता ध्यानी समेत कई लोगों ने बच्चों के चयन पर उन्हें बधाइयां एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं है।



