posted on : दिसम्बर 23, 2021 5:21 अपराह्न
कोटद्वार । कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के देशभर में बढ़ते मामलों को देखते हुए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में इलाज के प्रबंध को परखने के लिए गुरुवार को मॉकड्रिल किया गया ।माकड्रिल में एक संक्रमित मरीज के आने की सूचना पर स्वास्थ्य कर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए पीपीई किट पहनकर उसे वार्ड में भर्ती कराया ।उसकी जांच कर चिकित्सक दल ने इलाज किया और उसकी उखड़ती सांस को संभालने के लिए आक्सीजन प्लांट से जुड़े इस वार्ड में पाइपलाइन के जरिए बेड पर ही आक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था की गई । इसके बाद मरीज की हालत के अनुसार सामान्य वार्ड, आईसीयू और यदि बच्चा है तो पीकू वार्ड में भर्ती करने का भी अभ्यास किया गया । मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ तिवारी ने बताया कि मरीज को ट्राली पर लिटाने से लेकर उपचार की सभी जरूरी प्रक्रिया अपनाई गई। यह सारी प्रक्रिया अति शीघ्र और अल्प समय में की गई ताकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दौरान किसी मरीज के आने पर उसे जल्दी से जल्दी भर्ती करके इलाज शुरू किया जा सके ।



