- डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने किए देवलेश्वर महादेव के दर्शन, मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने पर दिया जोर
- ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन ने मोहा दर्शकों का मन, 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं ने निभाई परंपरा में सहभागिता
पौड़ी। गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में रविवार को आस्था, लोक संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। घाटी के 34 से अधिक गांवों के प्रमुख आस्था केंद्र इस मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी मेले में प्रतिभाग कर देवलेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन इस वर्ष 11वें पड़ाव पर पहुंचा, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
धार्मिक विरासत और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं मेले : डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान केवल उसके भौगोलिक स्वरूप से नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से भी बनती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। यहां आयोजित होने वाले मेले पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि दूसरे क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचकर स्थानीय लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित हो सकें। इससे सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए जारी रहेंगे प्रयास
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह पिछले वर्ष भी यहां आई थीं। उस दौरान मंदिर में स्थायी मंच सहित अन्य निर्माण कार्यों की आवश्यकता महसूस की गई थी। अब परिसर में उन सुझावों के अनुरूप कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए भविष्य में भी प्रयास किए जाएंगे।
देवपथ से परिक्रमा मार्ग तक विकसित हुईं सुविधाएं
मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि गत वर्ष दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली को ध्यान में रखकर निर्माण कार्य किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर के इतिहास, स्थापत्य कला और धार्मिक विरासत की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं। इन कार्यों से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ मंदिर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन ने जीवंत किया महाभारत का प्रसंग
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और सजीव चित्रण से दर्शकों को महाभारत काल के घटनाक्रम से रूबरू कराया। मंचन के दौरान दर्शक भाव-विभोर नजर आए और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
पारंपरिक वेशभूषा में हुआ अतिथियों का स्वागत
मेले में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान बलोड़ी पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा, मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, प्रमोद मंद्रवाल, संचालक नागेंद्र जुगराण, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत, यशवंत थपलियाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







