- हरिद्वार में धूमधाम से मना राज्य स्थापना दिवस, प्रभारी मंत्री ने गिनाईं जनपद की उपलब्धियां; यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में अव्वल
- 23 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी, 10.40 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी; कुंभ-2027 की तैयारियों को दी जा रही तेजी
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर जनपद में उत्साह और उल्लास के साथ राज्योत्सव मनाया गया। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड ने अपने 26 वर्षों के सफर में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ ही विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया।
यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में पहले स्थान पर
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अंतर्गत हरिद्वार जनपद में अब तक एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। यूसीसी पंजीकरण के मामले में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग ने हरिद्वार को आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के लिए चयनित किया है। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जनपद को मुख्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 में जारी नीति आयोग की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान हासिल किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
71 बहुउद्देशीय शिविरों में 2231 शिकायतों का निस्तारण
सतपाल महाराज ने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इनमें करीब 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि 22 हजार से अधिक विभिन्न प्रमाण पत्रों के आवेदन प्राप्त हुए। इन शिविरों के माध्यम से 51 हजार से अधिक लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने मिशन ज्ञान गंगा को शिक्षा के क्षेत्र में अभिनव पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से कक्षा तीन से 12वीं तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और सहज डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
कुंभ-2027 के लिए घाटों के सौंदर्यीकरण और कॉरिडोर विकास पर काम
आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियान की कार्ययोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन दिया गया है। इसके तहत योग एवं ध्यान केंद्र, आयुर्वेद अध्ययन केंद्र, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र तथा ललित कला केंद्र विकसित करने की योजना है।
एक लाख से अधिक किसानों को मिल रहा किसान सम्मान निधि का लाभ
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। करीब एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत 10 लाख 40 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से दो लाख 52 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है, जबकि सहकारी समितियों से दो लाख 35 हजार किसान जुड़कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
23 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सतपाल महाराज ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के तहत 32,825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। इनमें 6,396 बालिकाओं को जन्म के समय और 26,456 बालिकाओं को 12वीं उत्तीर्ण करने पर योजना का लाभ मिला। इसी अवधि में 69,122 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। पोषण योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष करीब दो लाख लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। पिछले पांच वर्षों में चार हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों का पुनर्गठन किया गया और दो हजार से अधिक समूहों को रिवॉल्विंग फंड दिया गया। वर्तमान में करीब 1,560 समूहों के माध्यम से महिलाएं आय अर्जित कर रही हैं।
मत्स्य उत्पादन 850 से बढ़कर 30 हजार क्विंटल के पार
प्रभारी मंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था, जो अब बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा के माध्यम से करीब एक लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 182 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए तथा 256 लाभार्थियों को स्वरोजगार ऋण दिया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 13 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने इन उपलब्धियों को विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम बताया।
आंदोलनकारियों को सम्मान, विद्यार्थियों ने बिखेरे लोकसंस्कृति के रंग
समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना तथा प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांधा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान, लाभार्थी और विद्यार्थी सम्मानित
राज्य स्थापना दिवस पर कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं, हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज एवं अन्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से सूचना विभाग में पंजीकृत नुक्कड़ नाटक दल जनचेतना मंच ने प्रस्तुति देकर लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
विभागीय प्रदर्शनी में योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक, कृषि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, अक्षय ऊर्जा, डेयरी, रेशम, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, उद्योग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।
स्वच्छ और विकसित हरिद्वार बनाने में करें सहयोग : किरण जैसल
मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और विकसित हरिद्वार बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
वहीं, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से अस्तित्व में आया है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है तथा राज्य को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, श्यामवीर सैनी, अजीत चौधरी, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, अनीस गौड़, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







