posted on : दिसम्बर 2, 2021 1:48 अपराह्न
हरिद्वार । उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से पौधा भेंट किया तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ व प्रतीक चिह्न भेंट किया।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित शौर्य दीवार पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके पश्चात उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में मौलश्री के पौधे का रोपण भी किया। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री का देव संस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. योगेन्द्र सिंह रावत, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डाॅ. चिन्मय पाण्डया, अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, मुख्य नगर अधिकारी दयानन्द सरस्वती, एसडीएम पूरण सिंह राणा सहित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, पुलिस व प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।