posted on : मार्च 25, 2026 4:45 अपराह्न
- तेंदुआ रेस्क्यू : टैंक में फंसे वन्यजीव को सुरक्षित निकाला
रुद्रप्रयाग : उत्तर जखोली रेंज के चमराड़ा क्षेत्र में बुधवार को एक तेंदुआ पानी के स्टोरेज टैंक में फंस गया। सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर टीम भेजी। वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टाला जा सके। इसके बाद रेस्क्यू रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) ने सावधानी पूर्वक अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला। यह रेस्क्यू अभियान उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेन्द्र सिंह, वन क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र नेगी (उत्तर जखोली रेंज) तथा हरिशंकर रावत के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएस पुंडीर ने बताया कि तेंदुए को बिना किसी चोट के उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान न तो कोई जनहानि हुई और न ही वन्यजीव को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचा। वन विभाग ने क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए नियमित गश्त, कैमरा ट्रैपिंग और जन-जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वन्यजीव से संबंधित किसी भी सूचना पर तुरंत विभाग को सूचित करें और सतर्कता बरतें।





