posted on : नवम्बर 27, 2021 12:21 पूर्वाह्न
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल कु. पी. रेणुका देवी के निर्देशन में 12 सितम्बर 2021 से महिला थाना श्रीनगर में नारी सशक्त-देश सशक्त की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जाग्रत करने हेतु आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल कु. पी. रेणुका देवी द्वारा प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत स्कूलों /कॉलेजों /कार्यालयों में कार्य करने वाली युवतियों /महिलाओं को आत्मरक्षा हेतु प्रशिक्षण देने हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके क्रम में थानाध्यक्ष कमलेश शर्मा, महिला उपनिरीक्षक रीना वर्मा के नेतृत्व में महिला आरक्षी नेहा द्वारा राजकीय डिग्री कॉलेज रिखणीखाल में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया।
जिसमें प्रशिक्षित महिला कांस्टबलों द्वारा छात्राओं को पंच बांधना, शरीर की कमजोर कड़ी पर वार करना, किसी की पकड़ से खुद को छुड़ाने के साथ पैरों से वार करना आदि की तकनीक बताई। साथ ही छात्राओं को बढ़ते हुए अपराधों की रोकथाम, महिला अपराध, मानव तस्कारी, साइबर अपराधों से बचाव,सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों व आपतकालीन नम्बर डायल-112 आदि के बारे में जानकारी दी गयी एवं बताया गया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को कदापि नजर अंदाज न करें, इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दें। साथ ही सभी को उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा बनाये गये गौरा शक्ति एप्प, पब्लिक आई एप्प तथा ट्रैफिक आई एप्प के बारें मे जानकारी देते हुए उनके संचालन के बारें जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड़ गाइडलाइंस का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। जनपद के स्कूलों/ कॉलेजो में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का कार्यक्रम लगातार जारी है। पौडी गढ़वाल पुलिस द्वारा मौके पर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार आमजन को मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन किये जाने हेतु जागरूक किया जा रहा है।