गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के राजकीय इंटर कालेज बैरागना में सोमवार को लोक चेतना मंच की ओर से लैंगिक समानता पर जागरूकता अभियान चलाया गया गया। जागरूकता अभियान के दौरान लोक चेतना मंच की कार्यक्रम निदेशक मालती हालदार ने खेल के माध्यम से लैंगिक समानता की आवश्यकता क्यों है के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिला और पुरुष, लड़का और लड़की के कार्य विभाजन जो कि आगे चल कर लिंग भेद का कारण बनता है, इस पर चार्ट के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया है लेकिन अलग-अलग समाज अलग-अलग रूप से महिला और पुरुष में भेद करता है और समाज में महिला हिंसा बढ़ती है। कार्यक्रम में छात्रों ने शपथ ली कि वे अपने स्तर से लिंग के आधार पर भेद भाव न तो करेंगे न ही इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। विद्याय के प्रधानाचार्य रविंद्र फरस्वाण ने बताया कि लैंगिक समानता एक मौलिक मानव अधिकार है और लिंग के आधार पर भेदभाव से उस अधिकार का उल्लंघन होता है। बैठक में मतबार बिष्ट आदि मौजूद थे।


