गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व दिया गया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा और जिले में संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लिया जाएगा।
शुक्रवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहां पहुंचे भाजपा चमोली के जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जो पुराने कार्यकर्ता किसी कारणवश संगठन से विमुख हो गये है, उन्हें संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगे आने के लिए व्यक्तिगत तौर पर मिलकर संगठन की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों के हित में बेहतरीन कार्य कर रही है और जनता के हितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए सभी कार्यकर्ता समान है और सभी को साथ में लेते हुए सांगठनिक कार्यों को पूरा किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला स्तर पर संगठन के विस्तार में हर उस कार्यकर्ता को जोड़ने का कार्य किया जाएगा जिसने संगठन को सर्वोपरि मानते हुए कार्य किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हर कार्यकर्ता उनके लिए देवतुल्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही आने वाले सभी चुनावों में भाजपा को विजयी बनाया जाएगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, वीरेंद्र रावत, मोहन नेगी, विनोद कनवासी, विक्रम बर्त्वाल आदि मौजूद थे।


