posted on : अक्टूबर 10, 2021 10:46 पूर्वाह्न
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में पहली बार किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra )आवाज बुलंद करेंगी। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सरकार को घरेने की भी कोशिश करेंगी। जगतपुर इंटर कालेज मैदान में रविवार दोपहर एक बजे से आयोजित जनसभा को विधानसभा चुनाव अभियान का श्रीगणेश माना जा रहा है। प्रियंका इसकी शुरूआत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर व दुर्गाकुंड में मां कूष्मांडा का दर्शन कर करेंगी। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन देवी के इसी स्वरूप के दर्शन का विधान है।

प्रोटोकाल के मुताबिक प्रियंका वाड्रा सुबह 11:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेगीं। वहां से सीधे बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार जाएंगी। यहां विधि-विधान से दर्शन-पूजन करने के बाद वह बाबा का अभिषेक कर प्रदेश में सरकार बनाने का संकल्प लेकर आशीष मांगेगी। इसके बाद दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा का दर्शन-पूजन के बाद बीएचयू-सुंदरपुर होते हुए जगतपुर सभा स्थल पहुंचेगी। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद वह सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी। एयरपोर्ट के वेटिंग हाल में वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कुछ स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगी।


कांग्रेस इस रैली को सफल बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह से जी जान से जुटी हुई है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी राजेश तिवारी बताते हैं कि सूबे में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बुनकरों और व्यापारियों की समस्या हो या फिर महिलाओं की प्रियंका वाड्रा मंच से सभी मुद्दों पर बात करेंगी। साथ ही वह इन सभी मुद्दों पर सरकार से सवाल भी करेंगी। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी के आंदोलन के बाद से प्रियंका वाड्रा के तेवर में बदलाव दिख रहा है। उनका जुझारूपन बता रहा है कि विधानसभा चुनाव में वह हर मुद्दे पर लड़ेंगी। इसका आगाज वह पीएम मोदी के गढ़ से कर रही हैं। इसके साथ ही कांग्रेस का यूपी मिशन 2022 अभियान शुरु हो जाएगा। उनके इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होने के लिए काशी आ रहे हैं।


