posted on : अप्रैल 22, 2024 5:09 अपराह्न
कोटद्वार। दुगड्डा में चूनाधारा के समीप कार चालक की लापरवाही के कारण एक स्टॉफ नर्स स्कूटी समेत नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार महिला सतपुली जा रही थी, उसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे खड़ी कार के चालक ने अचानक कार का गेट खोल दिया, जिसके कारण हादसा हो गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुगड्डा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी ने बताया कि हरिद्वार के बहादराबाद निवासी नेहा सागर (28) पत्नी हरदीप सिंह हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली में स्टाफ नर्स के रूप से तैनात हैं। रविवार को वह अपनी स्कूटी से सतपुली जा रही थी। इस दौरान दुगड्डा में चूनाधारा के निकट सड़क पर खड़ी एक कार के चालक ने गेट खोल दिया जिसके बाद नेहा की स्कूटी कार से टकरा गई और वह स्कूटी समेत नीचे खोह नदी में कूडा डंपिंग जोन में जा गिरीं। गनीमत रही कि नेहा ने हेलमेट पहना था, इस कारण उनकी जान बच गई लेकिन ऊपर से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया । आसपास के लोगों ने नेहा को खाई से निकालकर दुगड्डा अस्पताल में भर्ती कराया जहां से नेहा के कहने के बाद उसे हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली रेफर कर दिया है ।




