posted on : मार्च 30, 2024 4:39 अपराह्न
कोटद्वार। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में आगामी 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के संदर्भ और गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के 5 और 6 अप्रैल को कोटद्वार भ्रमण कार्यक्रम तथा उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में मौजूद पूर्व राज्य मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने चुनावी रणनीति के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए जनता सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है।
पूर्व मंत्री नेगी ने कहा कि आज युवा अग्निवीर योजना से अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। अंकिता भण्डारी को अब तक न्याय नहीं मिला। महंगाई बेरोजगारी अपने चरम पर है, जिससे जनता त्रस्त है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र रांगड़, महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद डबराल, महिला जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल और पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी, कार्यकारी नगर अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




