posted on : सितम्बर 19, 2022 5:51 अपराह्न
कोटद्वार । राजकीय स्पोर्टस स्टेडियम में जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता जारी है। प्रतियोगिता के चतुर्थ दिवस सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी दुगड्डा अयाजुद्दीन और स्थल संयोजक रवींद्र सिंह रावत के निर्देशन में विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच खेले गये। फाइनल मैचों के अंतर्गत अंडर 17 खो-खो बालक वर्ग में दुगड्डा पहले और द्वारीखाल दूसरे स्थान पर रहा। इसी वर्ग की बालिका खो-खो में द्वारीखाल पहले और पोखड़ा दूसरे स्थान पर रहा। अंडर 19 खो-खो बालक वर्ग में दुगड्डा ने पहला और द्वारीखाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की बालिका खो-खो में पोखड़ा प्रथम और द्वारीखाल द्वितीय स्थान पर रहा। अंडर 19 बालिका वॉलीबाल में रिखणीखाल ने दुगड्डा को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर 17 बालक वॉलीबाल में रिखणीखाल ने पहला और नैनीडांडा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर 14 बालक फुटबाल में पौड़ी ने खिर्सू को 7-0 से हराया। प्रतियोगिताओं को संपन्न कराने में महिपाल लिंगवाल, संजय शर्मा, योगेंद्र पटवाल, इंद्र सिंह रावत, सुनील रावत, रोहित चौधरी, सिद्धार्थ कोटनाला और विनोद पंत आदि शारीरिक शिक्षकों ने सहयोग दिया।


