posted on : अगस्त 4, 2022 4:59 अपराह्न
कोटद्वार । उत्तराखंड ज्योतिष रत्न और वर्तमान में शिक्षा विभाग संस्कृत के सहायक निदेशक आचार्य डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल 7 अगस्त को कोटद्वार पहुंच रहे हैं। विकल्प वेलफेयर सोसाइटी की सचिव सुशीला उनियाल जोशी ने बताया कि नगर निगम कोटद्वार ने उनकी सोसाइटी को गौ माता की सेवा के लिए काशीरामपुर तल्ला में भूमि एवं शेड उपलब्ध कराया है। जिसका शुभारंभ रक्षति गौशाला कार्यक्रम के नाम से विशाल जनसमूह की उपस्थिति में किया जाएगा ।
सुशीला ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक रितु खंडूरी भूषण शिरकत करेंगी जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड ज्योतिष रत्न और शिक्षा विभाग के विद्वान सहायक निदेशक आचार्य डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी करेंगी । जबकि कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल भी उपस्थित रहेंगे कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य रुप दिया जा रहा है क्योंकि कार्यक्रम गाय माता से जुड़ा हुआ है। इसलिए पूरे राज्य के तमाम हिंदू संगठनों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
सुशीला उनियाल ने बताया कि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ चंडी प्रसाद घिल्डियाल 6 अगस्त शाम 7 बजे कोटद्वार पहुंच जाएंगे क्योंकि वह अपने आराध्या सिद्धबली बाबा का भी दर्शन और पूजन करेंगे । बताया कि ज्योतिष जगत में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले उत्तराखंड ज्योतिष रत्न डॉ घिल्डियाल की कोटद्वार में मौजूदगी के नाम से कार्यकर्ताओं एवं आम जनता में काफी उत्साह बना हुआ है। और प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक लोगों को उनका आशीर्वाद और ज्योतिषीय मार्गदर्शन भी प्राप्त हो सके वह रक्षति गौशाला कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भी आशीर्वचन देंगे।


