posted on : अगस्त 4, 2022 4:44 अपराह्न
उत्तरकाशी (कीत्तिनिधि सजवाण): स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला की अध्यक्षता में बैठक हुई। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ समारोह मनाए जाने को लेकर रूपरेखा तय की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त को प्रातः 7 बजे सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। समस्त सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। 9 बजकर 30 मिनट पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में ध्वज फहराया जाएगा। उसके बाद वृक्षारोपण एवं कीर्ति इंटर कालेज उत्तरकाशी में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेल मैदान मनेरा में क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यालयों एवं नगर क्षेत्र में बृहद स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा जो कार्यालय स्वच्छता में अवल रहेगा उसे सम्मानित किया जाएगा। कार्यालयों की स्वच्छता का आंकलन करने के लिए सर्वेक्षण टीम गठित की गई।जिलाधिकारी ने सूचना विभाग,पुलिस एवं समस्त नगर पालिका को नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक एवं 15 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 11 बजे तक देश प्रेम व देश भक्ति गीतों का प्रसारण करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त सरकारी भवनों,इमारतों को प्रकाशमान करने को कहा। जिलाधिकारी ने कोविड गाइडलाइन का भी पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश सीएमओ को दिए।
बैठक में एसपी अपर्ण यदुवंशी, सीएमओ डॉ केएस चौहान,एसडीएम चतर सिंह चौहान,वरिष्ठ कोषाधिकारी बालकराम,डीएसओ संतोष भट्ट,अधिशासी अभियंता विद्युत मनोज गुसाईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी,जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


