posted on : जुलाई 28, 2022 4:58 अपराह्न
कोटद्वार। दुगड्डा विकास खंड के अंतर्गत ग्राम गोदी बड़ी में महिला को निवाला बनाने वाला गुलदार बुधवार को रात के सवा नौ बजे पिंजरे में फंस गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।कुछ दिन पहले ग्राम गोदी बड़ी निवासी रीना देवी पर गुलदार ने उस वक्त हमला किया था जब वह अपने पुत्र को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी। हमले में रीना की मौत हो गई थी। इस पर ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम भी लगाया था। घटना के बाद लैंसडौन वन प्रभाग की ओर से घटनास्थल के समीप दो पिंजरे लगवा दिये गये थे। इस बीच में पानी लेने गई महिलाओं पर भी गुलदार ने हमला करने का प्रयास किया, जिस पर ग्रामीणों ने गांव में शिकारी को तैनात करने की मांग तेज कर दी थी ।
इस पर कृषि मंडी समिति अध्यक्ष सुमन कोटनाला ने मुख्य वन प्रतिपालक से वार्ता की और गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग की। उनके प्रयासों के बाद विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया। डीएफओ दिनकर तिवारी ने बताया कि गुलदार के आदमखोर घोषित करने के बाद गांव में मुरादाबाद निवासी राजीव सोलूमन को शूटर और पशु चिकित्सक डा. अमित ध्यानी को तैनात किया गया। इस बीच गुलदार बुधवार रात को गांव में लगाए गए एक पिंजरे में फंस गया। बताया कि गुलदार को शीघ्र ही रेस्क्यू सेंटर ले जाया जायेगा।


