posted on : जुलाई 28, 2022 4:52 अपराह्न
कोटद्वार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जीएसटी विभाग की ओर से किए जा रहे सर्वे को बंद करने की मांग की है। इस संबध में मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने कहा है कि प्रदेश सरकार जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है, जो अनुचित है। कहा कि व्यापारी समाज सरकार का हर कदम पर साथ देता आया है, लेकिन वर्तमान में टैक्स संग्रह बढ़ाने के लिए व्यापारी को परेशान किया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि टैक्स में हेरा फेरी करने वाली फर्म को विभाग को अपने कार्यालय से ही नोटिस देना चाहिए क्योंकि विभाग के पास फर्म का पूरा व्यौरा होता है, लेकिन विभागीय अधिकारी व्यवसाइयों को प्रताड़ित कर रहे हैं, जिसका विरोध किया जायेगा।ज्ञापन प्रेषित करने वालों में जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, जिला महामंत्री लाजपतराय भाटिया, प्रदेश संगठन मंत्री सेवकराम मानूजा, हिमांशु पंत, दिनेश अग्रवाल और हरीश नारंग सहित सभी व्यापारी शामिल थे।


