चमोली : जिले में पिछले तीन दिनों से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। अभी संक्रमितों की संख्या 3420 है। इसमें से 3366 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और 54 एक्टिव केस हैं। कोविड संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन सभी जरूरी कदम उठा रहा है। जनपद वासियों को संक्रमण से बचने के लिए शारीरिक दूरी रखने एवं मास्क पहनने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिला अस्पताल सहित गौचर, कर्णप्रयाग एवं जोशीमठ में भी ट्रू-नाॅट मशीन से कोविड टेस्ट किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संदिग्ध व्यक्तियों का सैंपल ले रही है। सोमवार को 189 सैंपल भेजे गए। जिले से अभी तक 67483 व्यक्तियों के सैंपल टेस्ट के लिए भेजे जा चुके हैं, जिसमें से 61230 सैंपल नेगेटिव तथा 3420 सैंपल पाॅजिटिव मिले। जबकि 426 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में अभी 05 प्रवासियों को होम क्वारंटीन किया गया है। होम क्वारंटीन लोगों के मेडिकल जांच के लिए गठित मोबाइल चिकित्सा टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही है। इसके अलावा आशा के माध्यम से भी होम क्वारंटीन लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।



