कोटद्वार । शादी विवाह व विकऐंड के चलते अचानक रविवार को यात्रियों की भीड़ रोडवेज बस अड्डे के बाहर एकत्रित हुई । बस पकड़ने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा । रोडवेज बसों की कमी के चलते कोटद्वार में यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान बसों में सीट घेरने को लेकर दिन भर मारा-मारी की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा दिक्कत दिल्ली जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी।

वर्तमान में दिल्ली मार्ग पर लगभग 20 बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों की भारी कमी के चलते अक्सर यात्रियों को मुसीबत झेलनी पड़ती है। रविवार सुबह भी रोडवेज पर यही स्थिति बनी रही। कुछ बस स्टाफ की कमी के कारण संचालित नहीं हो सकी, जबकि कुछ बसों का संचालन समय से नहीं हो पाया। नतीजतन, विभिन्न मार्गों के लिए बसों की कमी पड़ गई। पूरे दिन रोडवेज के बाहर यात्रियों की भीड़ लगी हुई थी। दिल्ली जाने के लिए यात्री बसों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। जबकि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों द्वारा भी यात्री अपने गंतव्य तक गये । वहीं, परिवहन निगम के कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि स्टाफ की कमी के चलते एक्स्ट्रा बसें नहीं चल पाई इस कारण सवारियों को दिक्कत हुई ।



