कोटद्वार । नगर निगम क्षेत्र के कलालघाटी में मालिनी नदी के तट पर स्थित सिद्धपीठ ओमकारेश्वर मंदिर का जीर्णोद्धार कराए जाने के बाद शिवजी का गुणगाण करते हुए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

प्राचीन ओमकारेश्वर महादेव मंदिर पर शिवलिंग के मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया । साथ ही पंचदशनाम जूना अखाड़ा के धनुष गिरी जी महाराज व भोलागिरी माता जी की समाधि का भी जीणोद्धार किया गया । इस उपलक्ष में मंदिर पर हवन व पूजा पाठ का आयोजन किया गया । इस दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा कीर्तन का आयोजन भी किया गया । उसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया । जिसमें गांव एवं आसपास के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर के पंडित आशीष कोटनाला ने बताया कि ओमकारेश्वर मंदिर काफी दिनों से जीर्ण अवस्था में हो रहा था। गांव व अन्य श्रद्धालुओ के सहयोग से उसका जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने बताया कि एक बार मालिनी नदी अपने रौद्र रूप में बह रही थी जिससे लग रहा था कि मालिनी नदी कलालघाटी सहित कई गांवों को बहाकर ले जाएगी किंतु सिद्ध पीठ ओमकारेश्वर मंदिर पर आते ही नदी का रौद्र रूप समाप्त हो गया । बताया कि इस मंदिर में जो भी भक्त मनोकामना मांगता है उसकी मनोकामना सदैव पूर्ण होती है । इस अवसर पर चंद्र मोहन रावत, जयप्रकाश केष्टवाल, मदन मोहन रावत, दिनेश चौधरी, सुमन कोटनाला सहित क्षेत्र के श्रद्धालु गण मौजूद रहे ।



